

रिपोर्ट : संजय कुंवर
स्थान : चमोली (श्री बद्रीनाथ धाम)


“ग्रीन-क्लीन उत्तराखंड” थीम को साकार करते हुए श्री बदरीनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) और नगर पंचायत बदरीनाथ के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को श्री बदरीनाथ मंदिर के सिंह द्वार पर 23 पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण मित्रों को नई वर्दी (जैकेट और लोअर) भी वितरित की गई।



बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि नगर पंचायत बदरीनाथ एवं मंदिर समिति के बीच वर्ष 2023 में हुए एमओयू के तहत नगर पंचायत के पर्यावरण मित्र मंदिर परिसर में सफाई व्यवस्था संभाल रहे हैं। इन मित्रों की निस्वार्थ सेवा और मेहनत को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।


कार्यक्रम में बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष रामचंद्र गौड़ ने पर्यावरण मित्रों को सम्मान स्वरूप वर्दी प्रदान की और मंदिर परिसर की स्वच्छता व्यवस्था में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों की मेहनत बदरीनाथ धाम की गरिमा और स्वच्छता को बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही है।




इस मौके पर नगर पंचायत बदरीनाथ के अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित और थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी ने भी पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया और उन्हें सर्दी व वर्षा से बचाव के लिए उच्च गुणवत्ता की वर्दी उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी कुलदीप भट्ट, सुपरवाइज़र सुशील कुमार, महिला पर्यावरण मित्र पायल, पर्यावरण मित्र प्रदीप सहित अन्य सफाई कर्मी भी मौजूद रहे।



कार्यक्रम के माध्यम से साफ संदेश दिया गया कि पर्यावरण मित्र केवल सफाईकर्मी नहीं, बल्कि स्वच्छता अभियान के सच्चे सिपाही हैं, जो तीर्थस्थल की गरिमा को बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।



