जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत के विजय चम्याल का IIT इंदौर में चयन, गांव और विद्यालय में खुशी की लहर

जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत के विजय चम्याल का IIT इंदौर में चयन, गांव और विद्यालय में खुशी की लहर

रिपोर्टर – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत

अल्मोड़ा जिले के एक छोटे से गांव बुंगा (पोस्ट ऑफिस – जमरारी, ब्लॉक भैसियाछाना) से संबंध रखने वाले विजय चम्याल ने सफलता की नई इबारत लिखते हुए IIT इंदौर में इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में प्रवेश पाया है। विजय की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत सहित पूरे क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है।

विजय ने वर्ष 2023-24 सत्र में नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत से 12वीं की पढ़ाई पूरी की और घर पर रहकर ही ऑनलाइन माध्यम से JEE एडवांस्ड की कठिन परीक्षा की तैयारी की। कठिन परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद विजय ने न केवल परीक्षा उत्तीर्ण की, बल्कि देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT में स्थान भी सुनिश्चित किया।

विद्यालय के प्राचार्य श्री डी.एस. रावत, वरिष्ठ शिक्षक दिनेश जोशी सहित समस्त शिक्षकों ने विजय को इस सफलता पर हार्दिक बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य रावत ने कहा,

“विजय जैसे प्रतिभाशाली छात्र नवोदय विद्यालय की असली ताकत हैं। उसकी यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।”

विजय न केवल शैक्षणिक रूप से श्रेष्ठ रहा है, बल्कि वह 77 यूके बटालियन एनसीसी, अल्मोड़ा में सीनियर डिवीजन कैडेट भी रहा है। उसने ‘B’ सर्टिफिकेट A ग्रेड के साथ प्राप्त किया है, जो उसकी अनुशासन और समर्पण का प्रमाण है।

विजय की सफलता यह दर्शाती है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र भी कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन से देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों तक पहुंच सकते हैं। उसकी यह उपलब्धि न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे अल्मोड़ा जनपद के लिए गर्व की बात है।