

रिपोर्टर – संजय जोशी
स्थान – रानीखेत

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आयोजित राज्य पुरस्कार स्काउट कैंप में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए करीब 60 स्काउट्स ने भाग लिया। यह कैंप नवोदय विद्यालय समिति, लखनऊ संभाग के हरिद्वार क्लस्टर के अंतर्गत आयोजित किया गया था। इसमें जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत के आठ छात्र भी शामिल हुए और उन्होंने उल्लेखनीय प्रदर्शन कर सफलता हासिल की।



इस कैंप में विद्यालय के छात्र पियूष पंत को ‘बेस्ट स्काउट’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जो कि विद्यालय के लिए गर्व की बात है। ताड़ीखेत विद्यालय के प्राचार्य डीएस रावत ने छात्रों और स्काउट मास्टर्स को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।



जिला संगठन आयुक्त (हरिद्वार क्लस्टर) डीसी जोशी ने बताया कि यह कैंप स्काउट्स के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जहाँ वे अनुशासन, नेतृत्व, सेवा और कौशल जैसे मूल्यों का विकास करते हैं। कैंप में सफल प्रतिभागियों को राज्य पुरस्कार प्रमाण पत्र प्रदान किए जाते हैं, जो भविष्य में विभिन्न अवसरों के लिए मान्य होते हैं।




इस राज्य स्तरीय शिविर में नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, चंपावत, बागेश्वर, ऊधमसिंह नगर और बिजनौर जिलों के जवाहर नवोदय विद्यालयों ने भागीदारी की। डीसी जोशी ने कहा कि स्काउटिंग विद्यार्थियों को सशक्त, स्वावलंबी और समाज-सेवी नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाती है।

कैंप के सफल आयोजन और छात्रों की उत्कृष्ट भागीदारी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उत्तराखंड के ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र भी किसी से कम नहीं हैं।



