हरिद्वार कांवड़ मेला: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

हरिद्वार कांवड़ मेला: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

संवाददाता :- मनोज कश्यप

हरिद्वार
कांवड़ मेले के दौरान हरिद्वार में व्यवस्थाओं की निगरानी स्वयं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने बैरागी कैंप और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र का दौरा कर पार्किंग, सफाई और पेयजल जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा मौके पर उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि बैरागी कैंप और रोड़ीबेलवाला की पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण किया गया है। उनका प्रयास है कि कांवड़ यात्रियों को पार्किंग में कोई असुविधा न हो और सभी वाहन व्यवस्थित रूप से खड़े किए जाएं, जिससे निकासी में किसी प्रकार की बाधा न आए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि नगर निगम और जल संस्थान के सहयोग से सभी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में पाइपलाइन लीकेज के कारण सड़क को हुए नुकसान की मरम्मत तत्काल शुरू कर दी गई है, और देर रात तक मार्ग पूरी तरह से सुचारू कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि दुकान लगाने वालों की भी रोज़ी-रोटी है, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि उनकी व्यवस्था से यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों से संतुलित एवं सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने को कहा।