टिहरी: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की तैयारियाँ तेज़, सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

टिहरी: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 की तैयारियाँ तेज़, सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ की वर्चुअल बैठक

त्रिस्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 के तहत जनपद टिहरी गढ़वाल में चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) वरुणा अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की।

बैठक के दौरान सीडीओ ने पोलिंग पार्टियों की तैनाती, मतदान व्यवस्था एवं मतदेय स्थलों पर सुनिश्चित न्यूनतम सुविधाएँ (एएमएफ) की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी तीन दिनों के भीतर समस्त विकास खंडों के अंतर्गत आने वाले मतदेय स्थलों पर रात्रि विश्राम, भोजन, पेयजल, विद्युत आदि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की भौतिक जांच कर ससमय सुनिश्चित किया जाए।

वरुणा अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान में बरसात का मौसम होने के चलते पोलिंग पार्टियों के सामान की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी पोलिंग कर्मियों को आवश्यकतानुसार पॉलिबैग एवं बरसाती वितरित किए जाएँ ताकि निर्वाचन कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही, उन्होंने बूथों तक सामग्री के सुचारु दुलान (परिवहन) हेतु भी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुदृढ़ करने पर ज़ोर दिया।

बैठक में जिला विकास अधिकारी मोहम्मद असलम, समस्त रिटर्निंग अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तथा सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भौतिक एवं वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।