

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पाकिस्तान दौरे को लेकर पाकिस्तानी मीडिया में चल रही खबरें पूरी तरह से निराधार साबित हुई हैं। व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रंप का पाकिस्तान यात्रा का कोई कार्यक्रम नहीं है। इससे पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बार फिर से छवि धूमिल हुई है।




गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से पाकिस्तानी मीडिया में यह दावे जोर-शोर से किए जा रहे थे कि ट्रंप सितंबर में इस्लामाबाद का दौरा करेंगे और इसके बाद भारत भी जाएंगे। गुरुवार को तो कई चैनलों ने ‘सूत्रों’ के हवाले से यह खबर प्रमुखता से चलाई। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद इन चैनलों ने अपनी रिपोर्ट्स वापस ले लीं।



पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने भी झाड़ा पल्ला
इस मामले में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने भी अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि उन्हें इस विषय में कोई जानकारी नहीं है। प्रवक्ता शफकत अली खान ने इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “हमारे पास ट्रंप की किसी भी यात्रा को लेकर कोई पुष्टि नहीं है।”


व्हाइट हाउस का आधिकारिक बयान
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि राष्ट्रपति ट्रंप फिलहाल पाकिस्तान की यात्रा पर नहीं जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ट्रंप 25 से 29 जुलाई के बीच स्कॉटलैंड के दौरे पर रहेंगे, जहां उनकी मुलाकात ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से होगी। इस यात्रा के दौरान अमेरिका और ब्रिटेन के बीच व्यापार समझौते को लेकर चर्चा भी होगी।

इसके अलावा ट्रंप 17 से 19 सितंबर के बीच ब्रिटेन का दौरा करेंगे, जिसमें उनके साथ प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप भी मौजूद रहेंगी।

2006 में हुई थी आखिरी अमेरिका-पाकिस्तान राष्ट्रपति मुलाकात
बता दें कि वर्ष 2006 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने पाकिस्तान का दौरा किया था। इसके बाद किसी भी अमेरिकी राष्ट्रपति ने पाकिस्तान की यात्रा नहीं की है।

झूठे दावों से पाकिस्तान की फजीहत
एक बार फिर बिना आधिकारिक पुष्टि के पाकिस्तानी मीडिया में चल रही खबरों ने देश की अंतरराष्ट्रीय साख को नुकसान पहुंचाया है। विश्लेषकों का मानना है कि इस तरह की गैर-पुष्ट रिपोर्टिंग से पाकिस्तान की विश्वसनीयता पर सवाल उठते हैं।



