

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में लगभग 5400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है और इसमें बंगाल को विकास यात्रा का मजबूत इंजन बनाया जाएगा।”



प्रधानमंत्री ने जिन परियोजनाओं का शुभारंभ किया, वे मुख्य रूप से बांकुड़ा, पुरुलिया और दुर्गापुर से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि ये योजनाएं ‘मेक इन इंडिया’ के मंत्र को बल देंगी और राज्य को औद्योगिक रूप से नई ऊंचाई पर ले जाएंगी।

“स्टील सिटी की पहचान और होगी मजबूत”
पीएम मोदी ने कहा, “5400 करोड़ रुपये की परियोजनाएं दुर्गापुर की कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगी और स्टील सिटी की पहचान को नई मजबूती देंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि इससे क्षेत्र के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

“बुनियादी सुविधाएं बदलाव की नींव”


प्रधानमंत्री ने देशभर में हो रहे बुनियादी ढांचे के विकास का ज़िक्र करते हुए बताया कि अब तक 4 करोड़ से अधिक गरीबों को पक्के घर, शौचालय, नई हाईवे और सड़कें, तथा इंटरनेट कनेक्टिविटी जैसी सुविधाएं दी जा चुकी हैं, जिनका लाभ पश्चिम बंगाल सहित देशभर के राज्यों को मिल रहा है।

दुर्गापुर बना नेशनल गैस ग्रिड का हिस्सा

मोदी ने कहा कि “दुर्गापुर की धरती अब नेशनल गैस ग्रिड का हिस्सा बन चुकी है, जिससे हजारों लोगों को रोज़गार मिलेगा।” उन्होंने यह भी कहा कि यह विकास सिर्फ योजनाओं का नहीं, बल्कि जन-जन के सशक्तिकरण का माध्यम बनेगा।
“विकास से सशक्तिकरण तक”

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने दोहराया कि “हमारा रास्ता विकास से होकर सशक्तिकरण की ओर जाता है। हमें अगले 25 वर्षों में भारत को एक विकसित राष्ट्र के रूप में देखना है, और इसमें बंगाल की भागीदारी अहम होगी।”
2026 विधानसभा चुनाव से पहले अहम दौरा

राजनीतिक दृष्टि से देखा जाए तो प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा 2026 में प्रस्तावित पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भी बेहद अहम माना जा रहा है। जनसभा में उमड़ी भीड़ और पीएम के विकास-केंद्रित भाषण ने इस बात के संकेत दिए कि केंद्र सरकार बंगाल को लेकर अपनी रणनीति को और धार दे रही है।



