अवैध धर्मांतरण व मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यूपी एटीएस की देहरादून में दबिश

अवैध धर्मांतरण व मनी लॉन्ड्रिंग मामले में यूपी एटीएस की देहरादून में दबिश

देहरादून

अवैध धर्मांतरण और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े चर्चित छाकुर बाबा नेटवर्क की जांच अब अंतरराज्यीय स्तर पर तेज हो गई है।

उत्तर प्रदेश एटीएस की टीम इसी सिलसिले में शुक्रवार को देहरादून पहुंची और सहसपुर क्षेत्र से एक संदिग्ध व्यक्ति अब्दुल रहमान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

देहरादून के एसएसपी ने जानकारी दी कि अब्दुल रहमान, जो पहले रूपेंद्र सिंह नाम से जाना जाता था, वर्ष 2012 में धर्म परिवर्तन कर चुका था। धर्म परिवर्तन के बाद उसने दो शादियाँ भी की थीं।

फिलहाल उसके खिलाफ उत्तराखंड में लागू सख्त धर्मांतरण कानून के तहत कोई ठोस उल्लंघन सामने नहीं आया है, लेकिन यदि जांच में ऐसा कुछ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही, एटीएस ने रानीपोखरी क्षेत्र में रहने वाली एक युवती सृष्टि से भी पूछताछ की है, जिसका इस नेटवर्क से किसी प्रकार का संभावित संबंध बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि छाकुर बाबा के कथित नेटवर्क पर कई राज्यों में अवैध धर्मांतरण और हवाला नेटवर्क से जुड़े आरोप लग चुके हैं। अब यूपी एटीएस इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है और अन्य राज्यों में भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।