

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

नगर के पुरानी सब्जी मंडी और मुर्गा मार्केट में फैलते अवैध अतिक्रमण ने जहां आम जनता की राहें मुश्किल कर दी थीं, वहीं अब प्रशासन ने इस पर सख्त रुख अख्तियार कर लिया है।



सड़क पर दुकानदारों द्वारा सामान फैलाने और बिना अनुमति के दुकानें बढ़ाने के चलते नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।



इस मामले में रामनगर के एसडीएम प्रमोद कुमार ने स्पष्ट किया कि दोनों बाजारों में अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त करने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।


साथ ही उन्होंने बताया कि नगर पालिका की दुकानों पर बिना अनुमति के बनाए गए दो मंजिला निर्माणों की जांच के लिए भी पालिका को निर्देश दिए गए हैं।


एसडीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जांच में अवैध निर्माण की पुष्टि होती है, तो कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और इसमें संलिप्त किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।


स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे बाजार क्षेत्र की व्यवस्था सुधरेगी और आम जनता को राहत मिलेगी।


