स्वच्छता सर्वेक्षण में लालकुआँ नगर पंचायत को उत्तराखण्ड में प्रथम स्थान, देश में रचा नया इतिहास

स्वच्छता सर्वेक्षण में लालकुआँ नगर पंचायत को उत्तराखण्ड में प्रथम स्थान, देश में रचा नया इतिहास

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

स्वच्छता के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए लालकुआँ नगर पंचायत ने उत्तराखण्ड राज्य में पहला स्थान और देश की 2035 नगर पंचायतों में 54वां स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है।

यह गौरवपूर्ण उपलब्धि लालकुआँ के कुशल प्रबंधन, जनभागीदारी और नवाचार का प्रतीक मानी जा रही है।

दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर द्वारा नगर पंचायत को यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा किया गया, जिसमें देशभर से विभिन्न नगर निकायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

लालकुआँ नगर पंचायत को यह पुरस्कार श्रेष्ठ कूड़ा निस्तारण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और बेहतर स्वच्छता व्यवस्था के लिए दिया गया है। यह उपलब्धि नगर पंचायत की सामूहिक मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है।

पुरस्कार को नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी, अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार सिंह, एवं अन्य सभासदों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से ग्रहण किया। इस सम्मान से पूरे नगर में खुशी और गर्व की लहर दौड़ गई है।

नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने इस उपलब्धि को जनता की सहभागिता और टीम वर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि यह सम्मान लालकुआँ को स्वच्छ और विकसित नगर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रेरणा है।