गुमानिवाला फायरिंग केस: आरोपी अब भी फरार, पुलिस पर भड़के स्थानीय लोग, चौकी में किया हंगामा

गुमानिवाला फायरिंग केस: आरोपी अब भी फरार, पुलिस पर भड़के स्थानीय लोग, चौकी में किया हंगामा

स्थान-ऋषिकेश
रिपोर्ट-खुशबू गौतम

गुमानिवाला क्षेत्र में चार दिन पहले हुई फायरिंग की घटना के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोगों में गहरा आक्रोश है। श्यामपुर चौकी में लगातार दूसरे दिन स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस दौरान लोगों ने चौकी में तालाबंदी करने की भी कोशिश की।

हालांकि, पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से तीन देशी तमंचे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। लेकिन मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिससे लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा।

फायरिंग की यह घटना गुमानिवाला क्षेत्र में देर रात हुई थी। जानकारी के अनुसार, हरियाणा नंबर की एक कार में सवार कुछ युवक गुज्जर बस्ती के पास पहुंचे और वहां मौजूद स्थानीय लोगों पर तमंचा तान दिया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जिससे डरकर आरोपी युवक अपनी कार वहीं छोड़कर भाग निकले। भागते वक्त एक तमंचा भी घटनास्थल पर गिर गया था।

मामले की तह तक जाने पर पता चला कि ऋषिकेश में दो गुटों के बीच पहले कहा-सुनी हुई थी, जिसके बाद हरियाणा नंबर की कार में सवार युवक गुमानिवाला जंगल तक पहुंचे। लेकिन रास्ता बंद होने के कारण गाड़ी रुक गई और विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया।

जब ग्रामीणों ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने तमंचा निकाल लिया और धमकी देने लगे। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपियों को सबक सिखाने की भी कोशिश की।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में जुटी है, लेकिन मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से तनाव बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन और उग्र हो सकता है।