

स्थान : हरिद्वार
रिपोर्टर :- मनोज कश्यप


कांवड़ मेला 2025 में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। कांवड़ यात्रियों की भीड़ के दबाव को नियंत्रित करने के लिए रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा 8 स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया गया है।



इस संबंध में एसपी जीआरपी तृप्ति भट्ट ने बताया कि कांवड़ मेले में प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु हरिद्वार और अन्य तीर्थ स्थलों की ओर यात्रा कर रहे हैं। ऐसे में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और Government Railway Police (GRP) की संयुक्त टीमें चौबीसों घंटे सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर निगरानी बनाए हुए हैं।



उन्होंने बताया कि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सुरक्षा बलों को अतिरिक्त निर्देश दिए गए हैं। भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।



स्पेशल ट्रेनों की सुविधा के बारे में जानकारी देते हुए तृप्ति भट्ट ने बताया कि अब तक कुल 8 विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं, जो प्रमुख रूट्स पर श्रद्धालुओं को उनकी मंज़िल तक पहुंचाने में मदद करेंगी। यात्रियों को सुरक्षा और सुविधा दोनों मिले, इसके लिए रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन मिलकर काम कर रहे हैं।


उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें, अपने सामान का ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे पुलिस को दें।

सुरक्षा बलों द्वारा लगातार यात्रियों को अवेयरनेस कैंपेन के माध्यम से यह भी बताया जा रहा है कि मेले के दौरान किन बातों का विशेष ध्यान रखें—जैसे भीड़ में धैर्य बनाए रखना, सार्वजनिक स्थानों पर सतर्क रहना, रेलवे ट्रैक पर न चलना आदि।




