झबरेड़ा में भीषण सड़क हादसा — 2 कांवड़ियों की मौत, 1 गंभीर रूप से घायल

झबरेड़ा में भीषण सड़क हादसा — 2 कांवड़ियों की मौत, 1 गंभीर रूप से घायल

स्थान :- रुड़की
रिपोर्टर : अरशद हुसैन

हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे तीन शिवभक्तों को बीती रात तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने कुचल दिया। दर्दनाक हादसा झबरेड़ा थाना क्षेत्र में हुआ, जिसमें दो कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। घायल को हायर सेंटर रेफर किया गया है।

तीनों युवक पंजाब से कांवड़ लेने हरिद्वार आए थे और बाइक से वापसी कर रहे थे। इसी दौरान झबरेड़ा के पास एक बेकाबू पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और कांवड़िए सड़क पर जा गिरे।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दो युवकों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

वहीं, हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे पिकअप चालक को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान और परिजनों को सूचना दी जा रही है। झबरेड़ा थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपित चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


यह हादसा न केवल यात्रा के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा की अहमियत को रेखांकित करता है, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक चेतावनी है कि कांवड़ यात्रा के दौरान हर जगह चाक-चौबंद इंतजाम किए जाएं।