राजभवन के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस अध्यक्ष, पुलिस ने किया गिरफ्तार

राजभवन के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस अध्यक्ष, पुलिस ने किया गिरफ्तार

रिपोर्टर : सचिन कुमार
स्थान : देहरादून

पंचायत चुनावों में गड़बड़ियों के आरोपों को लेकर कांग्रेस संगठन लगातार राज्यपाल से मिलने का समय मांग रहा था, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष के बार-बार अनुरोध के बावजूद अब तक राज्यपाल की ओर से कोई समय नहीं दिया गया। इससे नाराज होकर कांग्रेस अध्यक्ष ने आज अपने समर्थकों के साथ राजभवन के गेट पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

धरने की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष समेत प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया गया।

धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार पंचायत चुनावों में पक्षपात कर रही है और जनप्रतिनिधियों की आवाज को दबाया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, “हम लोकतांत्रिक तरीके से राज्यपाल से मिलकर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन लगातार अनदेखी की जा रही है। इससे स्पष्ट है कि सरकार जनसुनवाई से भाग रही है।”

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजभवन की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बिना अनुमति के धरना प्रदर्शन करना कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन सकता था, इसलिए सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है।

राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की आवाज को दबाने की कोशिश बताया है, वहीं सत्तापक्ष की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।