भिंगराड़ा में भारी बारिश के बीच पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त, जनहानि टली

भिंगराड़ा में भारी बारिश के बीच पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त, जनहानि टली

स्थान: चंपावत
रिपोर्ट:लक्ष्मण बिष्ट

जिले के भिंगराड़ा गांव में सोमवार देर रात हुई मूसलधार बारिश के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। तेज बारिश के कारण एक भारी-भरकम पेड़ अचानक ग्रामीण तुलाराम भट्ट के आवासीय भवन पर गिर गया, जिससे मकान की छत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हालांकि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशु हानि नहीं हुई, लेकिन भवन स्वामी को काफी आर्थिक नुकसान जरूर हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के कारण जमीन ढीली हो गई थी, जिससे पेड़ जड़ से उखड़कर घर पर गिर गया।

तुलाराम भट्ट ने दी जानकारी:
उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद ग्राम पंचायत, राजस्व विभाग और वन विभाग को सूचना दी गई है।

“गनीमत रही कि घटना के समय सभी लोग सुरक्षित स्थान पर थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।”

ग्रामीणों और परिवार की मांग:
ग्रामीणों और प्रभावित परिवार ने प्रशासन से शीघ्र निरीक्षण कर आर्थिक सहायता व मुआवजा देने की मांग की है।

उन्होंने यह भी आग्रह किया कि बारिश के इस मौसम में कमजोर और झुके हुए पेड़ों का तत्काल निरीक्षण किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।