

लोकेशन-लक्सर
रिपोर्टर-रामगोपाल

खानपुर थाना क्षेत्र के ब्राह्मणवाला गांव में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई जब नरपाल शर्मा के घर पर गांव के ही 20–25 लोगों के एक समूह ने हमला बोल दिया। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने नरपाल के घर के बाहर दरवाजे पर तमंचों और बंदूकों से कई राउंड फायरिंग की। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया।




गोलियों की तड़तड़ाहट से कांपा गांव
बताया जा रहा है कि घटना के समय नरपाल शर्मा अपने परिवार के साथ घर के भीतर थे और दरवाजे बंद थे, जिससे कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। लेकिन गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और उन्होंने तुरंत खानपुर पुलिस को सूचना दी।



पुलिस मौके पर, आरोपी फरार
पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं और मौके का मुआयना कर साक्ष्य संकलित किए। प्रारंभिक जांच में हमले के पीछे नरपाल शर्मा और गांव के ही तुषार के परिवार के बीच चली आ रही पुरानी रंजिश को कारण बताया जा रहा है।


दो आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

खानपुर थाना प्रभारी के अनुसार, हमलावरों की पहचान की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।



