श्रावण सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जसपुर के पायते वाला शिव मंदिर में सुबह 4 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक

श्रावण सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, जसपुर के पायते वाला शिव मंदिर में सुबह 4 बजे से शुरू हुआ जलाभिषेक

लोकेशन :- जसपुर,ऊधम सिंह नगर

रिपोर्टर:- अज़ीम खान

पावन श्रावण मास के प्रथम सोमवार को देश भर में शिवालयों में भक्तों की अपार भीड़ देखने को मिल रही है। कांवड़ मेले के चलते विभिन्न तीर्थ स्थलों से गंगाजल लेकर लौटते कांवड़ियों का संगम भी श्रद्धा और उत्साह से भरपूर दिखाई दे रहा है। ऐसे ही आस्था के इस महासंगम का दृश्य उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र में भी देखने को मिला।

नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक के प्रत्येक शिव मंदिर में आज सुबह से ही भक्तों की कतारें लगी रहीं। विशेषकर गांव पतरामपुर रोड स्थित प्रसिद्ध पायते वाला बड़ा शिव मंदिर में सुबह 4 बजे से ही जलाभिषेक की शुरुआत हो गई थी। मंदिर में भांग, धतूरा, बेलपत्र, दूध और जल से भगवान शिवलिंग का पारंपरिक विधि-विधान से पूजन और अभिषेक किया गया।

मंदिर के पुजारी कृपाल दत्त पांडेय ने बताया कि यह मंदिर लगभग 100 वर्ष पुराना है और ‘बड़ा शिव मंदिर’ के नाम से पूरे क्षेत्र में विख्यात है। उन्होंने बताया,

“श्रावण मास का प्रत्येक सोमवार विशेष होता है, लेकिन प्रथम सोमवार का महत्व अत्यधिक माना जाता है। आज यहां सुबह से भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है, जो पूरी श्रद्धा से जल चढ़ाकर भगवान शिव से आशीर्वाद प्राप्त कर रही है।”

श्रावण माह में शिवभक्तों की यह आस्था दर्शाती है कि संवेदनाओं, श्रद्धा और परंपरा का यह पर्व केवल धार्मिक नहीं, सामाजिक एकजुटता और आंतरिक शांति का भी प्रतीक है।

कांवड़ यात्रा और मंदिरों में चल रहे पूजन-पाठ के माध्यम से पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है।