

हरिद्वार

श्रावण माह में चल रहे कांवड़ मेले के दौरान कोतवाली मंगलौर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे टेंट लगाकर अवैध हुक्का बार चलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से कई प्रकार के हुक्का फ्लेवर और अन्य सामान बरामद किया है।



जानकारी के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस की टीम को संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर युवक को हुक्का बार चलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



इस पूरे मामले पर एसएसपी हरिद्वार ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि,


“कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है।”

इसके साथ ही पुलिस प्रशासन ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की नशे से जुड़ी वस्तु की बिक्री न करें। यदि कोई ऐसा करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ यात्रा में लाखों की संख्या में श्रद्धालु देशभर से हरिद्वार पहुंचते हैं और प्रशासन लगातार उनकी सुरक्षा और श्रद्धा का माहौल बनाए रखने के लिए सख्त निगरानी में जुटा हुआ है।


