देवप्रयाग में नरसिंहाचल पर्वत पर भारी भूस्खलन, दो भवन क्षतिग्रस्त, पिता-पुत्र घायल, तीन वाहन चपेट में

देवप्रयाग में नरसिंहाचल पर्वत पर भारी भूस्खलन, दो भवन क्षतिग्रस्त, पिता-पुत्र घायल, तीन वाहन चपेट में

रिपोर्ट भगवान‌ सिंह

पौड़ी गढ़वाल

देवप्रयाग क्षेत्र में सोमवार को अलकनंदा नदी के किनारे स्थित नरसिंहाचल पर्वत पर हुए भीषण भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई।

भूस्खलन के चलते बाह बाजार क्षेत्र में बड़े-बड़े पत्थर और मलबा आने से दो आवासीय भवन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में एक पिता और पुत्र घायल हो गए, जबकि तीन वाहन पत्थरों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए।

भूस्खलन के कारण चार विद्युत पोल भी टूट गए, जिससे क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।

घटना की सूचना मिलने पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मंत्री प्रसाद नैथानी स्वयं ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और प्रशासन से तुरंत प्रभावितों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करने की मांग की।

श्री नैथानी ने कहा कि यह क्षेत्र अब लैंडस्लाइड जोन में तब्दील हो चुका है और ऐसे में स्थायी समाधान की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से अपील की कि इस क्षेत्र में दोबारा ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए प्रभावी और दीर्घकालिक कदम उठाए जाएं, साथ ही सभी प्रभावितों को उचित मुआवजा भी दिया जाए।

इस मौके पर बिनोद टोडरिया, राहुल कोटियाल, सभासद ममता देवी, नगर पालिका अध्यक्ष लखपत सिंह मैहर, शशी ध्यानी और अंशुया मिश्रा भी उपस्थित रहे और प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने की बात कही।