

चंपावत

सोमवार देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के चलते लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर संतोला डेंजर जोन और चुयरानी क्षेत्र में भारी मलबा आ गया है, जिससे राजमार्ग पिछले एक घंटे से पूरी तरह बंद पड़ा है। मलबे और कीचड़ के कारण कई वाहन बीच रास्ते में फंस गए हैं।



भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दीपेंद्र अधिकारी ने बताया कि चुयरानी क्षेत्र में मलबे के कारण एक कैंटर वाहन और स्विफ्ट डिज़ायर कार कीचड़ में धंस गई हैं। इन वाहनों को जेसीबी मशीन की मदद से निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि पहले से बंद पड़े कलमठ को खोलने की मांग एनएच विभाग से की गई थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसका परिणाम आज की स्थिति के रूप में सामने आया है।



क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता हरिश्चंद्र तिवारी ने भी प्रशासन से अपील की है कि संतोला डेंजर जोन में आए मलबे को जल्द से जल्द हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु की जाए। उन्होंने बताया कि कई यात्री और वाहन सड़क में फंसे हुए हैं और भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।



राजमार्ग बंद होने से पिथौरागढ़ जिले का चंपावत से संपर्क टूट गया है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आपातकालीन स्तर पर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए बंद पड़े कलमठों को जल्द खोलने की मांग की है।



