

देहरादून

सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवाधिदेव महादेव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर राज्य और जनता की सुख-समृद्धि की कामना की।



मुख्यमंत्री धामी ने इस विशेष दिन भगवान शिव के चरणों में अर्पण कर पूजा करते हुए समस्त प्रदेशवासियों के कल्याण, स्वास्थ्य, समृद्धि और राज्य की निरंतर उन्नति के लिए प्रार्थना की।


उन्होंने कहा कि सावन का महीना भक्ति, श्रद्धा और आत्मिक शुद्धि का प्रतीक है, और यह अवसर हमें आस्था और सेवा के पथ पर चलने की प्रेरणा देता है।




मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे शिवभक्ति के इस पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा कांवड़ यात्रा के दौरान नियमों और संयम का पालन करें।


पूजन के दौरान मुख्यमंत्री के साथ कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।


राज्यभर में सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही और आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।




