हरिद्वार: कावड़ यात्रा के दौरान महिला से अभद्रता, वीडियो वायरल; श्रद्धा पर सवाल, पुलिस ने की शांति की अपील

हरिद्वार: कावड़ यात्रा के दौरान महिला से अभद्रता, वीडियो वायरल; श्रद्धा पर सवाल, पुलिस ने की शांति की अपील

हरिद्वार

पवित्र सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के बीच कुछ असामाजिक तत्वों की हरकतों ने एक बार फिर भक्ति और आस्था को कटघरे में खड़ा कर दिया है। हरिद्वार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर स्कूटी से मामूली टक्कर लगने के बाद कांवड़ियों द्वारा एक महिला के साथ मारपीट और अभद्रता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में देखा जा सकता है कि भगवा वस्त्रों में कुछ युवक महिला से हाथापाई कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग कांवड़ यात्रियों के भेष में थे, लेकिन उनके व्यवहार ने आम श्रद्धालुओं को भी शर्मसार कर दिया है। घटना के तुरंत बाद हरिद्वार पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वीडियो की सत्यता और आरोपियों की पहचान की जा रही है। इस घटना को लेकर हरिद्वार पुलिस ने सभी श्रद्धालु कांवड़ियों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कुछ शरारती तत्व कांवड़ यात्रा की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।

घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स ने ऐसी हरकतों को “कांवड़ यात्रा की गरिमा के खिलाफ” बताया और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कांवड़ यात्रा के नाम पर कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। यात्रा की गरिमा बनाए रखने के लिए पुलिस निगरानी बढ़ा रही है और सभी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है।

भक्ति के इस पावन अवसर पर इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं और श्रद्धालुओं से संयम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की जा रही है।