सावन का पहला सोमवार: शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दक्षेश्वर महादेव में भक्तों का तांता

सावन का पहला सोमवार: शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दक्षेश्वर महादेव में भक्तों का तांता

हरिद्वार

सावन का पावन महीना शुरू हो चुका है और आज पहला सोमवार होने के कारण शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। सुबह से ही मंदिरों में “बोल बम” और “हर हर महादेव” के जयघोष गूंज रहे हैं।

कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर भगवान शिव का गंगा जल, दूध, बेलपत्र और फूलों से जलाभिषेक कर रहे हैं। मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था देखते ही बन रही है।

पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मंदिर समिति द्वारा दर्शन व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है।

श्रावण मास के पहले सोमवार को भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालु उपवास रखकर, पूजा-अर्चना कर शिव कृपा की कामना कर रहे हैं।

मंदिरों में पूरे दिन भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन भी हो रहा है।

सावन की शुरुआत के साथ ही पूरे हरिद्वार में धार्मिक वातावरण और भक्ति का रंग देखने को मिल रहा है।