पांच साल में 60 करोड़ के विकास कार्य कराए, अब विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का दावा: जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया

पांच साल में 60 करोड़ के विकास कार्य कराए, अब विकास की नई ऊंचाइयों को छूने का दावा: जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया

रिपोर्टर – पंकज सक्सेना
स्थान – हल्द्वानी

जिला पंचायत अध्यक्ष और भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी बेला तोलिया ने रविवार को एक पत्रकार वार्ता में अपने पांच वर्षीय कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 से 2024 तक नैनीताल जिले में कुल 60 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं, जिनमें केवल उनके जिला पंचायत क्षेत्र 21—रामड़ी आनसिंह (पनियाली) में ही करीब 16 करोड़ रुपये के कार्य धरातल पर उतारे गए।

बेला तोलिया ने बताया कि क्षेत्र की 15 ग्राम सभाओं— बजुनिया हल्दू, पनियाली, रामड़ी आनसिंह, लामाचौड़ खास, कुरिया गांव, पीपल पोखरा, बच्चीनगर, जयपुर पाड़ली, ईसाई नगर, बसानी, कमलुवागांजा मेहता, चौसला, रामपुर लामाचौड़, गुजरौड़ा और धुनी नंबर एक-दो में सीसी मार्ग, पेयजल लाइन, शौचालय, पुलिया, सुरक्षा दीवारें, मंदिर सौंदर्यीकरण और सोलर लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र की कनेक्टिविटी को सुदृढ़ करने के लिए 4 करोड़ रुपये की लागत से सीसी मार्ग, 1 करोड़ रुपये से पेयजल टैंक, शौचालय और सोलर लाइटें लगवाई गईं। कोरोना काल में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि महामारी के दौरान 27 जिला पंचायत क्षेत्रों में मास्क वितरण, सैनिटाइजेशन और स्प्रे मशीनों का प्रबंध पूरी ईमानदारी से किया गया।

इसके अलावा, स्वच्छ भारत मिशन को गति देने के लिए आठ विकासखंडों में कूड़ा वाहन लगाए गए ताकि ठोस कचरे के निस्तारण को बेहतर किया जा सके।

विपक्ष पर साधा निशाना

बेला तोलिया ने आरोप लगाया कि उनके प्रतिद्वंद्वी उन्हें चुनाव मैदान से बाहर करने की साजिशें रच रहे हैं। भ्रामक शिकायतों और अदालत के सहारे नामांकन निरस्त कराने के प्रयास, उनके अनुसार, विफल हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पिछली बार जनता ने उन्हें निर्विरोध चुना था, जिसे अब विरोधी ‘अभिशाप’ बताकर जनता की भावनाओं का अपमान कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक परिवार से होने के कारण उन्होंने जनसेवा को ही जीवन का लक्ष्य बनाया है। विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “कुछ लोग मुझे ‘शहरी’ और ‘बाहरी’ बताकर मेरे अपनों से दूर करने की साजिश कर रहे हैं, लेकिन मुझे जनता पर पूरा भरोसा है।”

विकास का वादा

बेला तोलिया ने वादा किया कि यदि जनता ने एक बार फिर भरोसा जताया, तो विकास की यह यात्रा और तेज़ गति से आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा, “यह जनसेवा का मार्ग है और मैं इसे बिना रुके, पूरी निष्ठा से निभाती रहूंगी।”