हल्द्वानी में सुचारू यातायात प्रबंधन को लेकर ट्रांसपोर्ट यूनियनों के साथ पुलिस की बैठक, दिए गए अहम सुझाव

हल्द्वानी में सुचारू यातायात प्रबंधन को लेकर ट्रांसपोर्ट यूनियनों के साथ पुलिस की बैठक, दिए गए अहम सुझाव

हल्द्वानी

शहर में बढ़ते यातायात दबाव और सुचारू व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नगर हल्द्वानी पुलिस और यातायात विभाग ने ट्रांसपोर्ट, केमू, टैक्सी, टेंपो यूनियनों के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया।

इस बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई और समाधान के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए।

बैठक की अध्यक्षता यातायात निरीक्षक श्री शिवराज सिंह बिष्ट ने की। इसमें कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक श्री राजेश कुमार यादव, काठगोदाम थानाध्यक्ष श्री पंकज जोशी और सीपीयू प्रभारी श्री जगदीश राम कोहली समेत विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यूनियन पदाधिकारियों ने शहर में ट्रैफिक जाम, पार्किंग की कमी, अव्यवस्थित स्टॉपेज और रूटिंग से संबंधित समस्याएं सामने रखीं। इसके साथ ही, उन्होंने यातायात को बेहतर बनाने के लिए अपने-अपने स्तर से सुझाव भी दिए।

पुलिस अधिकारियों ने सभी पक्षों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। बैठक का उद्देश्य यातायात प्रबंधन को जनसहयोग से अधिक प्रभावी बनाना और हल्द्वानी की सड़क व्यवस्था को व्यवस्थित करना रहा।

बैठक में भाग लेने वाले सभी अधिकारियों और यूनियन प्रतिनिधियों ने भविष्य में भी इसी प्रकार के संवाद और सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि हल्द्वानी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर और सुचारू बनाया जा सके।