

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता- सागर रस्तोगी

कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत हरिद्वार रोड पर ठगों ने एक महिला को कथित रूप से सम्मोहित कर उसके साथ बड़ी ठगी को अंजाम दिया। महिला से सोने की अंगूठी और गले की चैन उतरवाकर बदले में नकली नोटों की गड्डी थमा दी गई। होश आने पर जब महिला को ठगी का अहसास हुआ, तो वह कोतवाली पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।



चंद्रेश्वर नगर निवासी प्रभा देवी ने कोतवाली में दी गई शिकायत में बताया कि वह रविवार सुबह सत्संग सुनने हरिद्वार रोड गई थीं।



लौटते समय घाट चौक के पास ऑटो से उतरीं, तभी पीछे से दो युवक आए और उन्हें बातों में उलझा लिया। बातचीत के दौरान युवकों ने चतुराई से उनकी सोने की अंगूठी और चैन उतरवा ली। बदले में एक रुमाल में बंधी नकदी की गड्डी थमाकर कहा कि “10 मिनट में वापस आ रहे हैं।”

कुछ देर इंतजार करने के बाद जब युवक नहीं लौटे, तो प्रभा देवी ने रुमाल खोलकर देखा। रुमाल में केवल ऊपर एक ₹500 का असली नोट था, जबकि बाकी पूरी गड्डी कागज की कतरनों से भरी हुई थी। खुद के साथ ठगी का एहसास होते ही वह सीधे कोतवाली पहुंचीं और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।


कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल राणा ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ठगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी अजनबी व्यक्ति की बातों में न आने की अपील की है


