

रिपोर्ट भगवान सिंह
पौड़ी गढ़वाल

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी पारा चढ़ा हुआ है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजपाल सिंह बिष्ट ने भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने का आरोप लगाया है।



उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रधान, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत चुनावों में अलग-अलग नीति अपनाकर अपने चहेते प्रत्याशियों को अनुचित लाभ पहुंचाने का निंदनीय कार्य किया है।



राजपाल बिष्ट ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भाजपा शुरुआत से ही पंचायत चुनाव टालना चाहती थी, लेकिन कांग्रेस के दबाव के चलते उसे चुनाव करवाने पड़े। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में भारी बारिश का दौर चल रहा है, तब चुनाव कराना जनहित में नहीं है।




कांग्रेस नेता ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अपने खास प्रत्याशियों के लिए कानून तक में मनमर्जी कर रही है। कुल्हाड़ जिला पंचायत सीट पर कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी द्वारा नाम वापस लेने पर उन्होंने खेद प्रकट किया। उन्होंने इसे पार्टी के भीतर विश्वासघात करार देते हुए कहा कि “ऐसे कार्यकर्ताओं की पहचान न कर पाना हमारी ही चूक रही।”

राजपाल बिष्ट ने दावा किया कि भाजपा की तमाम साजिशों के बावजूद इस बार कांग्रेस पूरे उत्तराखंड में मजबूती से उभरेगी और बड़ी संख्या में उसके प्रतिनिधि विजयी होंगे। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भाजपा की जनविरोधी नीतियों को समझें और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए कांग्रेस का साथ दें।

पंचायत चुनाव के इस दौर में सियासी बयानबाजियों से प्रदेश की राजनीति गर्मा गई है और आगामी परिणामों पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।



