

मसूरी

रिपोर्टर : शुभम गैरोला

पहाड़ों की रानी मसूरी के माल रोड पर शनिवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी दुकान जलकर राख हो गई। घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है।



स्थानीय लोगों के अनुसार, दुकान से अचानक धुआं उठता देखा गया। कुछ ही पलों में आग इतनी तेजी से फैली कि चारों ओर धुएं का गुब्बार छा गया। आग की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग को तुरंत बुलाया गया।



तीन अन्य दुकानों में भी पहुंचा धुआं
आग की लपटों के चलते पास की तीन दुकानों में भी धुआं भर गया, जिससे वहां मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों को भारी परेशानी उठानी पड़ी। हालांकि समय रहते सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।



सारा सामान जलकर राख, कोई हताहत नहीं
दुकान में रखा सारा सामान आग की भेंट चढ़ गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, जांच शुरू
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं मसूरी पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


इस हादसे के बाद बाजार क्षेत्र में कुछ देर के लिए व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित रहीं, लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद फिर से दुकानें खुलने लगीं।


