

मगरौली ज़िला पंचायत सीट पर कांग्रेस का चुनावी अभियान ज़ोर पकड़ता जा रहा है। चकराता विधायक एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में साहिया क्षेत्र के खत बमटाड़ और रामताल गार्डन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की विशेष बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें भारी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।



बैठकों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह रावत के पक्ष में समर्थन जुटाते हुए प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी एकजुटता और गंभीरता के साथ पंचायत चुनाव में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि “यह चुनाव केवल एक प्रतिनिधि चुनने का नहीं, बल्कि आम जनता की आवाज़ को बुलंद करने का चुनाव है।”



प्रीतम सिंह ने वीरेंद्र सिंह रावत को ज़मीन से जुड़ा, जनसेवा को समर्पित और कर्मठ प्रत्याशी बताया। उन्होंने कहा कि “वीरेंद्र जैसे व्यक्तित्व ही मगरौली को विकास की दिशा में आगे ले जा सकते हैं।”




राज्य सरकार पर सीधा हमला
विधायक ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि “त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी हो चुकी है, नामांकन वापसी की अंतिम तिथि भी बीत चुकी है, बावजूद इसके सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है।”


उन्होंने कहा कि हाल ही में हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश ने सरकार की मंशा को जनता के सामने उजागर कर दिया है।
कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
बैठकों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता भी शामिल हुए। सभी कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में कांग्रेस के संकल्प को दोहराया और विश्वास जताया कि इस बार जनता का रुझान पूरी तरह कांग्रेस के पक्ष में है।

प्रीतम सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह वक्त मेहनत करने का है, और जनसमर्थन को मतपेटियों तक पहुंचाने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करना होगा।



