

संजय जोशी
रानीखेत

देवास आश्रम चौकुनी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ताओं द्वारा शनिवार को पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत औषधीय पौधों के साथ-साथ चौड़ी पत्तियों वाले वृक्षों का भी रोपण किया गया। पर्यावरण संरक्षण को लेकर संघ कार्यकर्ताओं ने जागरूकता का संदेश दिया और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की अपील की।




इस अवसर पर जिला व्यवस्थापक धर्मानंद जोशी और विभाग कार्यवाह डॉ. तारा दत्त भट्ट ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के माध्यम से हम न केवल हरियाली बढ़ा सकते हैं, बल्कि जल स्रोतों को भी पुनर्जीवित किया जा सकता है।



नगर कार्यवाह डॉ. मुकेश गुप्ता ने चौड़ी पत्ती वाले पौधों के लाभों की जानकारी देते हुए कहा कि ये पौधे अधिक मात्रा में ऑक्सीजन प्रदान करते हैं और छाया भी देते हैं, जिससे स्थानीय पर्यावरण में सकारात्मक परिवर्तन आता है।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हैड़ाखान चिकित्सालय के निदेशक डॉ. विजयशील उपाध्याय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण से पेयजल के स्रोत भी रिचार्ज होंगे और शुद्ध हवा के साथ-साथ लोगों को स्वच्छ जल भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल करनी चाहिए।

पौधरोपण कार्यक्रम के बाद गुरु पूर्णिमा पर्व भी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डॉ. तारा दत्त भट्ट ने स्वयंसेवकों को बौद्धिक जानकारी देते हुए गुरु परंपरा के महत्व को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में गिरीश भगत, मोहन नेगी, दीप भगत, उमेश पंत, नीरज तिवारी, ललित मेहरा, विमला रावत, खजान पांडे, मनोज पांडे, वंदना उपाध्याय, डॉ. संजय श्रीवास्तव, निकेत जोशी, दर्शन पांडे सहित बड़ी संख्या में संघ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य समाज को पर्यावरण और संस्कृति के प्रति जागरूक करना रहा, जो पूरी तरह सफल नजर आया।


