

देहरादून

प्रदेश में मॉनसून सीज़न की शुरुआत से पहले ही आपदा प्रबंधन विभाग ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली थीं। इसका असर अब साफ़ तौर पर देखने को मिल रहा है। बीते दिनों प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हुई तेज बारिश और भूस्खलन जैसी घटनाओं के बावजूद आपदा प्रबंधन की टीम सजग और सक्रिय दिखाई दी।



आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया कि विभाग हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि मॉनसून सीज़न को देखते हुए हर पहलू पर बारीकी से नज़र रखी जा रही है। सचिव के मुताबिक, मौसम विभाग ने आने वाले कुछ दिनों के लिए प्रदेश में सामान्य बारिश का पूर्वानुमान जताया है।



ऐसे में विभाग ने अपने ग्राउंड ज़ीरो प्लान को सक्रिय रखते हुए जिलों में टीमें तैनात कर दी हैं। साथ ही सभी ज़रूरी दिशा-निर्देश ज़मीनी स्तर पर पहुंचा दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपदा की स्थिति में तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया जा सके।



आपदा प्रबंधन विभाग ने स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर संवेदनशील इलाकों की पहचान भी कर ली है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

सचिव सुमन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और विभाग द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें।

विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी सक्रिय कर दिए गए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता पहुंचाई जा सके।



