हरियाणा नंबर की कार सवार बदमाशों ने हवा में चलाए 6-7 राउंड, तमंचा छोड़कर फरार

हरियाणा नंबर की कार सवार बदमाशों ने हवा में चलाए 6-7 राउंड, तमंचा छोड़कर फरार

लोकेशन्- ऋषिकेश

संवाददाता – सागर रस्तोगी

ऋषिकेश के आईडीपीएल चौकी क्षेत्र अंतर्गत बैराज के पास बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब हरियाणा नंबर की कार में सवार दो युवकों ने विवाद के बाद स्थानीय लोगों पर तमंचा तान दिया और हवा में 6 से 7 राउंड फायरिंग कर दी।

घटना से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। हमलावर फायरिंग के बाद कार से भागने लगे, लेकिन कुछ साहसी स्थानीय युवकों ने उनका पीछा करते हुए श्यामपुर तक दबाव बनाया। इस दौरान बदमाश कार को सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष हिमांशु जाटव ने बताया कि फायरिंग के दौरान बदमाशों के हाथ से देसी तमंचा गिर गया था, जिसे उन्होंने पुलिस को सौंप दिया है।

स्थानीय युवकों ने श्यामपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाल प्रदीप राणा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल पता चला है कि आरोपी रुड़की निवासी हैं।

कोतवाल ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पुलिस के हाथ लगे सुराग:

कार हरियाणा नंबर की

देसी तमंचा बरामद

आरोपी रुड़की के निवासी

कार और हथियार पुलिस की हिरासत में

स्थानीय लोगों में दहशत:
घटना के बाद से इलाके में भय का माहौल है। लोग पुलिस से लगातार गश्त और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं।

पुलिस की अपील:
पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि किसी को इस घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।