देहरादून: डेंगू और कोविड को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सर्वे और जागरूकता अभियान जारी

देहरादून: डेंगू और कोविड को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सर्वे और जागरूकता अभियान जारी

रिपोर्टर : सचिन कुमार

स्थान : देहरादून

प्रदेश में मानसून सीजन के साथ ही मच्छर जनित रोगों, विशेषकर डेंगू, का खतरा भी बढ़ गया है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है और संक्रमण की रोकथाम के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) देहरादून डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने जानकारी दी कि अब तक डेंगू के 168 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से केवल 15 मामले ही वर्तमान में सक्रिय (Active) हैं। शेष सभी मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।

उन्होंने बताया कि विभागीय टीमें लगातार घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। जहां भी लार्वा पाया जाता है, उसे मौके पर ही नष्ट किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, संक्रमित क्षेत्रों में विशेष डेंगू रोधी छिड़काव किया जा रहा है।

कोविड पर भी रखी जा रही नजर

कोविड संक्रमण को लेकर भी स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है। देहरादून में अब तक 94 कोविड केस सामने आए हैं, जिनमें से 79 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 5 केस अभी एक्टिव हैं।

सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि कोविड को लेकर विभाग द्वारा जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतना जरूरी है। लोग मास्क का प्रयोग करें, भीड़-भाड़ से बचें और सतर्कता बनाए रखें।