

स्थान – हरिद्वार
संवाददाता – मनोज कश्यप

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेश पर हरिद्वार पुलिस ने ‘ऑपरेशन कालनेमि’ चलाकर धार्मिक वेश में आमजन को गुमराह कर रहे 13 फर्जी बाबाओं को गिरफ्तार किया है।


ये सभी व्यक्ति साधु-संतों का वेश धारण कर जनता को धोखा देने का कार्य कर रहे थे। नगर कोतवाली क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई को कांवड़ मेले से पहले एक कड़ा संदेश माना जा रहा है।



एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस को लंबे समय से इन फर्जी साधुओं की शिकायतें मिल रही थीं।



धार्मिक आस्थाओं के इस अपमान के खिलाफ अब सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने कहा, “हरिद्वार की धार्मिक गरिमा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कांवड़ मेले के मद्देनज़र फर्जीवाड़ा हरगिज़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”


पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य न केवल तीर्थनगरी की पवित्रता को बनाए रखना है, बल्कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को ठगी व भ्रम से भी बचाना है। ऑपरेशन कालनेमि आगे भी जारी रहेगा और ऐसे असली-नकली की पहचान करने वाले विशेष दस्ते लगातार निगरानी बनाए रखेंगे।



