गुरुद्वारा के पास हुई लाखों की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

गुरुद्वारा के पास हुई लाखों की चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार

लोकेशन- ऋषिकेश

संवाददाता – सागर रस्तोगी

लक्ष्मण झूला रोड स्थित गुरुद्वारा के पास हुई लाखों की चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से चोरी की गई ज्वेलरी और 2,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। हालांकि, चोरी में शामिल आरोपी के तीन साथी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए पुलिस दबिश दे रही है।

कोतवाल प्रदीप राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 जून को लक्ष्मण झूला रोड पर स्थित गुरुद्वारे के पास रहने वाले कमल थापा के घर चोरी की घटना सामने आई थी। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की।

इस क्रम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल राणा और त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनुज, निवासी मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अनुज पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और जेल की सजा काट चुका है।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर कमल थापा के घर में चोरी की थी। पुलिस फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच और कार्रवाई में जुटी हुई है।