नैनीताल में पंचायत चुनाव हेतु द्वितीय रेंडमाइजेशन संपन्न, 922 मतदान टीमों का गठन

नैनीताल में पंचायत चुनाव हेतु द्वितीय रेंडमाइजेशन संपन्न, 922 मतदान टीमों का गठन

जिलाधिकारी वंदना की अध्यक्षता में हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में प्रक्रिया संपन्न, 4610 कार्मिक तैनात किए जाएंगे

नैनीताल, 11 जुलाई 2025।
त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2025 को सुचारु रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में द्वितीय रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) वंदना की अध्यक्षता में पूर्ण की गई। यह प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा विकसित विशेष सॉफ्टवेयर के माध्यम से संपन्न हुई।

जिलाधिकारी वंदना ने जानकारी देते हुए बताया कि द्वितीय रेंडमाइजेशन के पश्चात 922 मतदान दलों का गठन किया गया है, जिनमें 10% रिजर्व दल भी सम्मिलित हैं। प्रत्येक दल में एक पीठासीन अधिकारी व चार मतदान अधिकारी सहित कुल पाँच कार्मिक तैनात किए गए हैं, जो जिले के विभिन्न विकास खंडों में निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे।

इस प्रकार कुल 4610 कार्मिकों की नियुक्ति की गई है।

प्रशिक्षण की तिथियां घोषित

जिलाधिकारी ने बताया कि चयनित मतदान कार्मिकों को आगामी 18, 19, 21 और 22 जुलाई को निर्वाचन से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इससे पूर्व सभी पीठासीन और मतदान अधिकारियों को प्रथम प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

बूथ आवंटन हेतु तृतीय रेंडमाइजेशन होगा

उन्होंने आगे बताया कि अंतिम चरण में होने वाले तृतीय रेंडमाइजेशन के माध्यम से इन मतदान टीमों को मतदान केंद्र (बूथ) आवंटित किए जाएंगे।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनामिका, मुख्य शिक्षा अधिकारी जी.पी. जायसवाल, एवं जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी भी उपस्थित रहे।