

लोकेशन :- लालकुआँ
रिपोर्टर :- मुन्ना अंसारी

राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रों को किया जागरूक, नशे और साइबर अपराध से बचने की अपील

भारत विकास परिषद, शाखा लालकुआं द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज लालकुआं में “युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे की लत और उससे होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था।




कार्यक्रम में वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि युवाओं में नशे की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है, और यह अब केवल पुरुषों तक सीमित नहीं है, बल्कि युवतियां भी इसकी चपेट में आ रही हैं। वक्ताओं ने कहा कि यह एक गंभीर सामाजिक चुनौती बन चुकी है, जिससे निपटना अत्यंत आवश्यक है।



नशा—अपराध की ओर पहला कदम
वक्ताओं ने कहा कि कई बार युवाओं में नशे की लत आपसी प्रभाव या दिखावे के चलते शुरू होती है। धीरे-धीरे यह लत उनकी शारीरिक, मानसिक और सामाजिक स्थिति को प्रभावित करने लगती है। कई मामलों में यह अपराध और हिंसा की ओर भी ले जाती है, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवा नशे की पूर्ति के लिए अवैध गतिविधियों में संलिप्त हो जाते हैं।


साइबर अपराध से भी करें सतर्कता
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि नशा और साइबर अपराध दोनों ही आज के युवाओं के लिए बड़ी चुनौती हैं। इस पर रोक लगाने के लिए समाज और प्रशासन दोनों को मिलकर कार्य करना होगा। वक्ताओं ने छात्रों से आह्वान किया कि यदि वे अपने आस-पास नशे के अवैध कारोबार को होता देखें, तो उसकी जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस या समाजसेवियों को दें।



संघर्ष और संकल्प का समय
कार्यक्रम के अंत में छात्रों को अपराध और नशे से दूर रहने का संकल्प भी दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि “आज हमें यह ठान लेना होगा कि हम नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके लिए जागरूक करेंगे। यही एक सशक्त समाज की नींव है।”




