रुड़की के ढंढेरी ख़्वाजगीपुर में बनेगी इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी, 25 लाख तक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद

रुड़की के ढंढेरी ख़्वाजगीपुर में बनेगी इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी, 25 लाख तक रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद

रुड़की

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में औद्योगिक विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड फूड इंडस्ट्री की स्थापना अब रुड़की के ढंढेरी ख़्वाजगीपुर क्षेत्र में की जा रही है। इस परियोजना को आरपीएस ग्रुप रियल एस्टेट द्वारा क्रियान्वित किया जा रहा है, जिसे राज्य सरकार का पूर्ण सहयोग प्राप्त है।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना की जानकारी बाइटवेव इंडस्ट्रियल पार्क के महाप्रबंधक पंकज शांडिल्य ने एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत कई एकड़ भूमि पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की जा रही है, जिससे अनुमानित रूप से 5 लाख से लेकर 25 लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल सकेगा।

पहला चरण: 100 एकड़ में मिश्रित उद्योग

परियोजना के प्रथम चरण में 100 एकड़ भूमि पर एक मिश्रित औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में विभिन्न प्रकार की मैन्युफैक्चरिंग, प्रोसेसिंग और पैकेजिंग इकाइयों को स्थापित किया जाएगा।

दूसरा चरण: कृषि, खाद्य उद्योग और टूरिज्म का समावेश

दूसरे चरण में कृषि एवं खाद्य उद्योग, होलसेल फैक्ट्री, वॉटर टूरिज्म, ग्लोबल स्टैंडर्ड अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना की योजना है। यह स्मार्ट सिटी न केवल रोजगार उपलब्ध कराएगी, बल्कि हरिद्वार जनपद को औद्योगिक मानचित्र पर विशिष्ट स्थान भी दिलाएगी।

पंकज शांडिल्य ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य राज्य के युवाओं को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर प्रदान करना है। इसके साथ ही इससे प्रदेश की आर्थिक और औद्योगिक स्थिति को भी मजबूती मिलेगी।