रामनगर में बरसाती नाला उफान पर, युवक की बाइक बही, स्थानीय लोगों ने बचाई जान

रामनगर में बरसाती नाला उफान पर, युवक की बाइक बही, स्थानीय लोगों ने बचाई जान

रिपोर्टर नाम-: आसिफ इक़बाल

लोकेशन-: रामनगर

पहाड़ों में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में भी दिखने लगा है। दिल्ली-बद्रीनाथ हाईवे पर स्थित मोहान के पास पन्याली बरसाती नाला सोमवार को अचानक उफान पर आ गया, जिससे कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। तेज बहाव ने राहगीरों और वाहन चालकों को हैरान कर दिया।

इसी दौरान एक युवक अपनी बाइक के साथ नाले के पास पहुंचा। स्थानीय लोगों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन इससे पहले कि वह सतर्क होता, युवक बाइक समेत नाले में उतर गया। बहाव तेज़ होने के कारण बाइक ने संतुलन खो दिया और पलट गई। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं, लेकिन कुछ स्थानीय युवकों ने जान जोखिम में डालकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

गनीमत रही कि युवक को गंभीर चोट नहीं आई, और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम को सूचित किया गया।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि पन्याली जैसे खतरनाक नालों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और बरसात के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई नई घटना नहीं है। बरसात के दौरान यह नाला अक्सर उफान पर आ जाता है, और पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। बावजूद इसके, सुरक्षा के कोई स्थायी उपाय नहीं किए गए हैं।

प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे बरसात के मौसम में ऐसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें और जोखिम न लें।