

हल्द्वानी

कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में एक सराहनीय घटना सामने आई, जब CISF के रिटायर्ड डीआईजी का झोला (बैग) गुम हो गया और हल्द्वानी पुलिस की त्वरित और सतर्क कार्यवाही से वह सकुशल बरामद कर उन्हें वापस सौंपा गया।



आज कोतवाली पहुंचे एक बुजुर्ग व्यक्ति ने बताया कि वे डिग्री कॉलेज के पास टेंपो से उतरते समय अपना झोला कहीं गिरा बैठे हैं। उनके अनुसार झोले में ₹21,000 नकद और कई जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।


इस सूचना पर तत्काल कोतवाली में तैनात हेड कांस्टेबल इसरार नबी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से समन्वय स्थापित किया। कंट्रोल रूम में मौजूद कांस्टेबल महेंद्र के सहयोग से बुजुर्ग द्वारा बताए गए सभी संभावित स्थानों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।


सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में स्पष्ट हुआ कि झोला डिग्री कॉलेज के पास गिरा था, जो बारिश के पानी के बहाव में आगे पेट्रोल पंप के पास फंस गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने काफी प्रयासों के बाद झोला ढूंढ निकाला और बुजुर्ग को सौंपा।


खास बात यह रही कि झोले में रखी सारी नकदी और दस्तावेज पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। बुजुर्ग व्यक्ति ने अपनी पहचान CISF के सेवानिवृत्त डीआईजी के रूप में दी और पुलिस की तत्परता और ईमानदारी के लिए नैनीताल पुलिस का आभार जताया।

स्थानीय लोगों ने भी इस मानवीय और सराहनीय कार्य के लिए हल्द्वानी पुलिस की खुले दिल से प्रशंसा की।



