कांवड़ यात्रा से पहले चरस तस्कर गिरफ्तार, 480 ग्राम चरस और नकदी बरामद

कांवड़ यात्रा से पहले चरस तस्कर गिरफ्तार, 480 ग्राम चरस और नकदी बरामद

लोकेशन – मुनिकीरेती

संवाददाता- सागर रस्तोगी

कांवड़ यात्रा से पहले मुनिकीरेती थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चमोली से चरस खरीदकर ऋषिकेश ला रहे एक तस्कर को तपोवन क्षेत्र में गिरफ्तार किया गया है। तस्कर के पास से 480 ग्राम चरस, ₹4,000 नकद और एक स्कूटी बरामद की गई है।

गिरफ्तार युवक की पहचान आकाश ठाकुर निवासी देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह यह चरस कांवड़ यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को बेचने की फिराक में था, ताकि मोटा मुनाफा कमा सके।

मुनिकीरेती थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल के निर्देश पर तपोवन क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान श्रीनगर की ओर से आ रही एक स्कूटी को रोका गया। तपोवन चौकी प्रभारी प्रवीन रावत ने युवक की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से चरस बरामद हुई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया और उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। आरोपी की स्कूटी को भी सीज कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान नशा तस्करी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि धार्मिक यात्रा के दौरान किसी प्रकार की अवैध गतिविधियों को रोका जा सके।

प्रशासन ने क्षेत्र में नशा मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।