हल्द्वानी में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, डहरिया क्षेत्र की गलियां जलमग्न

हल्द्वानी में बारिश ने खोली नगर निगम की पोल, डहरिया क्षेत्र की गलियां जलमग्न

स्थान : हल्द्वानी
रिपोर्टर : पंकज सक्सेना

शुक्रवार दोपहर की मूसलाधार बारिश ने हल्द्वानी नगर निगम की व्यवस्थाओं की हकीकत उजागर कर दी। शहर के डहरिया क्षेत्र के वार्ड 53 और 55 की गलियां तालाब में तब्दील हो गईं। बारिश थमने के घंटों बाद भी पानी जमा रहा, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, जलभराव का मुख्य कारण हाल ही में बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन है, जिसे कार्य के बाद सही तरीके से नहीं भरा गया। ठेकेदार ने सिर्फ खानापूर्ति करते हुए मिट्टी डाल दी, जिससे बारिश में गली धंस गई और जलभराव हो गया।

न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी के लोगों ने नगर निगम और वार्ड पार्षद के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में न सफाई होती है, न सड़क निर्माण। कई वर्षों से समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। बच्चों का स्कूल जाना, बुजुर्गों का बाहर निकलना और मरीजों को अस्पताल ले जाना तक मुश्किल हो गया है।

वहीं, नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सूचना मिलते ही टीम भेजकर निरीक्षण कराया गया है, और जल्द ही समस्याओं के समाधान के लिए कदम उठाए जाएंगे।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।