ओबीसी आरक्षण विवाद के चलते डांगी गांव ने किया त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बहिष्कार

ओबीसी आरक्षण विवाद के चलते डांगी गांव ने किया त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बहिष्कार

स्थान : पौड़ी
रिपोर्ट : भगवान सिंह

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत कल्जीखाल ब्लॉक की ग्राम सभा डांगी में चुनावी प्रक्रिया से पहले ही विवाद गहरा गया है। ग्राम सभा को ओबीसी श्रेणी में आरक्षित किए जाने पर ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की घोषणा कर दी है। गांव में हुई एक सर्वसम्मत बैठक में यह फैसला लिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि 2014 से अब तक गांव में किसी भी व्यक्ति का ओबीसी प्रमाण पत्र नहीं बना है, जिससे कोई भी व्यक्ति प्रधान पद के लिए नामांकन नहीं कर सका। ग्रामीणों ने इस विषय पर कई बार निर्वाचन आयोग से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।

गांव के लोगों ने साफ तौर पर कहा कि जब उन्हें प्रधान पद के लिए उम्मीदवार ही नहीं मिल सकता, तो वे क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत के चुनावों में भी भाग नहीं लेंगे।

इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए मनोहर बिष्ट ने कहा कि यह मामला एक बड़ी बहस की शुरुआत है, क्योंकि सुनार जाति को अब ओबीसी से बाहर कर दिया गया है, जिससे कई गांवों में इसी तरह की स्थिति बन गई है।

जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति भदौरिया ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है और राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेज दी गई है। ग्रामीणों की आपत्ति को गंभीरता से लिया जा रहा है और संबंधित विभागों से चर्चा की जा रही है।

इस विवाद ने पंचायत चुनाव में आरक्षण की प्रक्रिया और सामाजिक संरचना पर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।