रुड़की: कांवड़ियों ने शिव वैष्णो ढाबे पर किया हंगामा, भोजन में प्याज मिलने पर नाराजगी, पुलिस ने बंद कराया ढाबा

रुड़की: कांवड़ियों ने शिव वैष्णो ढाबे पर किया हंगामा, भोजन में प्याज मिलने पर नाराजगी, पुलिस ने बंद कराया ढाबा

स्थान : रुड़की
रिपोर्टर : प्रवेश राय

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा को लेकर सख्त दिशा-निर्देशों के बावजूद नारसन बॉर्डर स्थित शिव वैष्णो ढाबे पर उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब भोजन में प्याज की गंध आने पर कांवड़ियों ने हंगामा शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

कांवड़ियों ने ढाबा स्वामी के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए कार्यवाही की मांग की। देखते ही देखते मौके पर शिव भक्तों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में पुलिस ने ढाबा बंद करवा दिया और स्वामी राजकुमार को हिरासत में लेकर थाने ले गई, तब जाकर कांवड़िए शांत हुए।

पहले भी हो चुका है विवाद

गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में हाल ही में ‘गुप्ता चाट भंडार’ पर भी कांवड़ियों की नाराजगी का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस द्वारा मुकदमा भी दर्ज किया गया था। उस मामले की आंच अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि एक और ढाबे पर ऐसा ही मामला दोहराया गया।

ढाबा स्वामी की सफाई

ढाबा स्वामी राजकुमार का कहना है कि कांवड़ यात्रा औपचारिक रूप से शुरू नहीं हुई थी, इसलिए ढाबे पर प्याज रखी हुई थी। अब भविष्य में इसका ध्यान रखा जाएगा।

पुलिस का सख्त संदेश

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने कहा, “सभी ढाबा संचालकों को कांवड़ यात्रा के निर्देशों का पालन करना होगा। किसी भी तरह की लापरवाही पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। गुप्ता चाट भंडार मामले में पहले ही मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।”

मौके पर पुलिस तैनात

फिलहाल नारसन बॉर्डर पर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, और पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।