

रिपोर्टर : संजय जोशी
स्थान : रानीखेत


सांस्कृतिक समिति रानीखेत ने विगत वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए ‘क्यूट कान्हा प्रतियोगिता’ आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह प्रतियोगिता 15 अगस्त की शाम श्री शिव मंदिर परिसर में संपन्न होगी।


समिति अध्यक्ष विमल सती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रतियोगिता 0-5 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों के लिए चार वर्गों में आयोजित की जाएगी। पंजीकरण अगस्त के प्रथम सप्ताह से प्रारंभ होंगे।



कथक प्रशिक्षण को मिलेगी स्थायी रूपरेखा
बैठक में हाल ही में आयोजित कथक नृत्य प्रशिक्षण कार्यशाला की सफलता पर संतोष व्यक्त किया गया। भावनगर, गुजरात से आए प्रशिक्षकों और स्थानीय प्रशिक्षार्थियों को धन्यवाद देते हुए समिति ने निर्णय लिया कि भविष्य में कथक नृत्य शिक्षण हेतु स्थायी अभ्यासक्रम की व्यवस्था की जाएगी ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को निरंतर प्रशिक्षण मिलता रहे।


आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा

बैठक में समिति द्वारा आगामी महीनों में आयोजित होने वाले अन्य सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजनों पर भी चर्चा की गई। यह तय किया गया कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण और प्रसार के लिए समिति सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

बैठक में राजेन्द्र प्रसाद पंत, गौरव भट्ट, गौरव तिवारी, अशोक पंत, विनीता खाती, दीपक पंत, परमवीर मेहरा, पंकज थापा सहित अन्य समिति सदस्य उपस्थित रहे।


