

रिपोर्टर : सुनील सोनकर
स्थान : मसूरी


मसूरी की हसीन वादियों में सुकून की तलाश में आए एक पर्यटक का सफर उस समय दहशत और रोमांच में बदल गया, जब वह अचानक फिसलकर 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसा मसूरी के लाइब्रेरी बस स्टैंड क्षेत्र के पास उस समय हुआ जब यशपाल सिंह (52 वर्ष), निवासी मुजफ्फरनगर, शौच के लिए सड़क किनारे गया था।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी तेजी से घटी कि कोई कुछ समझ ही नहीं पाया। लेकिन राहत की बात यह रही कि लोगों ने तुरंत मामले की सूचना फायर सर्विस, पुलिस और 108 एम्बुलेंस को दी। मौके पर पहुंची मसूरी फायर सर्विस, पुलिस और मेडिकल टीम ने एकजुट होकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और घायल व्यक्ति को सुरक्षित खाई से बाहर निकाला।



स्थानीय निवासी रविंद्र पुंडिर ने बताया, “हादसा बेहद खतरनाक था, लेकिन रेस्क्यू टीम ने बिना समय गंवाए जिस तरह से जान की बाजी लगाकर व्यक्ति को बचाया, वह काबिले तारीफ है।”



मसूरी पुलिस के अनुसार, घायल यशपाल सिंह मसूरी अपनी पत्नी और भाई के साथ घूमने आए थे और वह हलवाई का कार्य करते हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए 108 एम्बुलेंस के माध्यम से मसूरी उप-जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

डॉक्टरों ने बताया कि यशपाल सिंह अब खतरे से बाहर हैं।


इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानी बरतने की आवश्यकता को रेखांकित किया है, खासकर पर्यटकों के लिए जो unfamiliar इलाकों में घूमने आते हैं।




