धामी सरकार के चार साल: कांग्रेस ने गिनाईं विफलताएं, बताया शासनकाल ‘प्रशासनिक विफलता’

धामी सरकार के चार साल: कांग्रेस ने गिनाईं विफलताएं, बताया शासनकाल ‘प्रशासनिक विफलता’

स्थान : देहरादून

जहां एक ओर भाजपा धामी सरकार के चार वर्षों को विकास और उपलब्धियों से भरा हुआ बता रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने इस शासनकाल को पूरी तरह असफल करार दिया है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष ने धामी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार के चार सालों में प्रदेश ने “प्रशासनिक अव्यवस्था और कुशासन” का सामना किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन चार वर्षों में महिला अपराधों में भारी वृद्धि हुई है, आपदा प्रबंधन में सरकार पूरी तरह असफल रही है और पंचायत चुनाव जानबूझकर टाल दिए गए।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “आज जब उत्तराखंड प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है, सरकार चुनाव करवाने में व्यस्त है। यह जनभावनाओं के साथ खिलवाड़ है। राज्य को स्थिर, संवेदनशील और जवाबदेह नेतृत्व की आवश्यकता है, जो वर्तमान सरकार देने में असफल रही है।”

कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि धामी सरकार केवल दिखावे की राजनीति कर रही है और जनता की बुनियादी समस्याओं से पूरी तरह कट चुकी है।

गौरतलब है कि भाजपा सरकार इन चार वर्षों को “विकास के चार साल” बताकर अपनी नीतियों और योजनाओं की उपलब्धियां गिना रही है। ऐसे में आने वाले चुनावों से पहले सियासी घमासान और तेज होने की संभावना है।