हाईवे बना अखाड़ा: मलकपुर चुंगी के पास दो सांडों की सड़क पर घंटों चली भिड़ंत, वीडियो वायरल

हाईवे बना अखाड़ा: मलकपुर चुंगी के पास दो सांडों की सड़क पर घंटों चली भिड़ंत, वीडियो वायरल

स्थान : रूडकी
रिपोर्टर : अरशद हुसैन

रुड़की कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मलकपुर चुंगी के पास हाईवे पर रविवार को अजीबोगरीब नज़ारा देखने को मिला जब दो आवारा सांड आमने-सामने आ गए और सड़क को ही अपना अखाड़ा बना डाला। दोनों सांडों के बीच खुलेआम कई घंटों तक लड़ाई चलती रही, जिससे न केवल ट्रैफिक प्रभावित हुआ बल्कि स्थानीय लोगों को भी खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों सांड हाईवे पर एक-दूसरे को जोरदार टक्करें मारते रहे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अलग करने की कोशिश की—कभी पानी डालकर तो कभी लाठियां फटकार कर, लेकिन दोनों सांड मानो एक-दूसरे से पीछे हटने को तैयार नहीं थे।

इस घटना को कई राहगीरों और स्थानीय लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया। इस दौरान बनाए गए दो वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह सड़क पर भारी वाहनों के बीच भी दोनों सांड लड़ते रहे और लोग तमाशबीन बने खड़े थे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा पशुओं की बढ़ती संख्या एक गंभीर समस्या बनती जा रही है। इस तरह की घटनाएं न केवल जनसुरक्षा के लिए खतरा हैं,

बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था को भी अस्त-व्यस्त कर देती हैं।

प्रशासन से मांग की जा रही है कि आवारा पशुओं को सड़कों से हटाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।