उत्तराखंड में मौसम बना चुनौती, लैंडस्लाइड और जलभराव से जनजीवन प्रभावित — चारधाम यात्रा पर भी असर

उत्तराखंड में मौसम बना चुनौती, लैंडस्लाइड और जलभराव से जनजीवन प्रभावित — चारधाम यात्रा पर भी असर

स्थान : देहरादून
रिपोर्टर : सचिन कुमार

उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर बड़ी चुनौती बनकर सामने आया है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइडिंग और जलभराव जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। इससे न केवल आम जनजीवन प्रभावित हुआ है, बल्कि राज्य सरकार के सामने चारधाम यात्रा की सुरक्षा और सुचारू संचालन एक बड़ी जिम्मेदारी बन गई है।

बारिश के चलते चारधाम यात्रा के विभिन्न मार्गों पर रुकावटें आई हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन के कारण सड़कों के बाधित होने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कई स्थानों पर जलभराव से यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है।

सरकार मुस्तैद, मुख्यमंत्री कर रहे निगरानी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और राहत कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित किया है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा, मार्गदर्शन और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

भाजपा की प्रतिक्रिया


भाजपा की प्रदेश मीडिया प्रभारी मुरमुरे चौहान ने इस विषय पर जानकारी देते हुए कहा कि, “प्रदेश सरकार पूरी तरह सतर्क है और आपदा प्रबंधन टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। सभी जिलों के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और राहत-बचाव कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।”

राज्य सरकार का दावा है कि वह हर स्थिति का डटकर सामना कर रही है, लेकिन लगातार हो रही बारिश के कारण आने वाले दिनों में चुनौतियां और बढ़ सकती हैं। आमजन से भी प्रशासन की अपील है कि वे मौसम और यात्रा से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें।