

स्थान : पौड़ी
रिपोर्ट : जय ममगाई


पौड़ी-कोटद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक संवेदनशील मानवीय दृश्य देखने को मिला जब बुआखाल के पास डांडा पानी क्षेत्र में एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में सड़क किनारे पड़ा हुआ पाया गया। वहां से गुजर रहे कुछ सजग राहगीरों ने तत्काल मदद के लिए हाथ बढ़ाए और 108 आपातकालीन सेवा तथा डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया।



प्रत्यक्षदर्शी और सूचना देने वालों में कृष्ण बलराम मलासी, भगवान सिंह (पत्रकार) और 108 सेवा के कर्मचारी शामिल रहे। लगभग दोपहर 1 बजे की इस घटना पर सक्रियता दिखाते हुए पुलिस टीम और जिला अस्पताल से एंबुलेंस मौके पर पहुंची। अचेत व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के लिए 108 सेवा की सहायता से जिला अस्पताल ले जाया गया।



अस्पताल में लाए गए व्यक्ति की पहचान उसके आधार कार्ड के माध्यम से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के साहसपुर क्षेत्र अंतर्गत हिरनपुर निवासी सुरेंद्र सिंह (39 वर्ष), पुत्र सूखीराम के रूप में हुई है।




कोतवाल कमलेश शर्मा ने जानकारी दी कि व्यक्ति का उपचार जिला अस्पताल में जारी है और उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार व्यक्ति की हालत स्थिर है।


मानवीयता की इस मिसाल ने यह दिखा दिया कि सजग नागरिक समय रहते जरूरी सहायता पहुंचाकर किसी की जान बचा सकते हैं। पुलिस प्रशासन और जिला अस्पताल की तत्परता भी सराहनीय रही।


